बलरामपुर: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसा उतरौला थाना क्षेत्र के अक्सीबड़हरा गांव के पास बलरामपुर-उतरौला मार्ग पर हुआ. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, घने कोहरे के बीच दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना बुधवार रात करीब 11 बजे हुई. दोनों मोटरसाइकिलें उतरौला की ओर जा रही थीं. इसी दौरान सड़क पर पैदल जा रहे लोगों को बचाने के प्रयास में दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं. हादसे में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
हादसे में पांच युवकों की मौत
इस दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान गुफरान, सलीम, मोहम्मद फारूक, तौफीक और फजल मोहम्मद के रूप में हुई है. मृतकों की उम्र करीब 17 से 23 वर्ष के बीच बताई गई है. वहीं, हादसे में मुजम्मिल और नाहिद रजा गंभीर रूप से घायल हुए हैं. दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
कोहरे और पैदल राहगीरों को बचाने के प्रयास में हादसे की आशंका
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने और सड़क पर मौजूद पैदल राहगीरों को बचाने के प्रयास में दोनों मोटरसाइकिलों की भिड़ंत हुई होगी. हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में दोनों मोटरसाइकिलें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को मामले में आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है.