लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी जंग तेज होती नजर आ रही है. यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके राजनीतिक कार्यकाल और वोट बैंक की राजनीति पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आजम खान का बचाव करने को लेकर भी अखिलेश यादव को घेरा और कहा कि जमानत मिलने का मतलब आरोपों से बरी होना नहीं है.
रामभक्तों पर गोली से लेकर कानून व्यवस्था तक उठाए सवाल
केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए कहा कि संभव है अखिलेश यादव को अपने शासनकाल की कुछ बातें याद न हों, इसलिए उन्हें पुरानी घटनाएं याद दिलाना जरूरी है. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान रामभक्तों पर गोली चलाने, दंगों, अपराधियों को संरक्षण देने और कमजोर कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों को प्रदेश की जनता भूली नहीं है. डिप्टी सीएम ने समाजवादी पार्टी पर जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति करने का आरोप भी लगाया. उनका कहना है कि उत्तर प्रदेश के लोग इन मुद्दों को लेकर सपा से जवाब चाहते हैं.
आजम खान को लेकर अखिलेश यादव पर साधा निशाना
केशव मौर्य ने अपने बयान में सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान का भी जिक्र किया. उन्होंने आजम खान पर लगे आरोपों और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े विवादों को उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव ऐसे नेता का राजनीतिक बचाव कर रहे हैं, जिन पर कई गंभीर आरोप हैं. डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि आजम खान को अदालत से जमानत मिली है, न कि सभी आरोपों से मुक्ति. उन्होंने कहा कि जमानत को बेगुनाही का प्रमाण नहीं माना जा सकता. मौर्य ने दावा किया कि जनता इस पूरे मामले पर राजनीतिक दलों से जवाब मांगने के लिए तैयार है.
2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का दावा
अपने बयान के आखिरी हिस्से में केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर गुंडाराज, तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता इन व्यवस्थाओं की वापसी नहीं चाहती. डिप्टी सीएम ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी. उन्होंने पार्टी की जीत का भरोसा जताते हुए ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा भी दिया. गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. भाजपा और सपा के नेताओं के बीच लगातार हो रहे जुबानी हमलों से प्रदेश का सियासी माहौल गरमाया हुआ है.