लखनऊ, 19 नवंबर 2026। स्वास्थ्य पेशेवरों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संजय गांधी पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SGPGI), लखनऊ और ईशा फाउंडेशन के बीच महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। इस समझौते के तहत संस्थान के फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों और कर्मचारियों के लिए हर महीने 20 योग सत्र आयोजित किए जाएंगे।
इस पहल के अंतर्गत प्रतिभागियों को ईशा फाउंडेशन की ओर से उप-योग और अंगमर्दन जैसे पारंपरिक योगिक अभ्यासों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसका उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों को नियमित योग से जोड़ना और उन्हें शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।
इस सहयोग को औपचारिक रूप देने के लिए 18 नवंबर को SGPGI और ईशा फाउंडेशन के बीच समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में SGPGI के निदेशक डॉ. आर.के. धीमन, डीन प्रो. मनोज जैन और ईशा फाउंडेशन की प्रशिक्षित योग शिक्षिका महिमा जैन मौजूद रहीं। संस्थान में नियमित योग सत्रों की शुरुआत 23 नवंबर से होगी।
ईशा फाउंडेशन की योग शिक्षिका महिमा जैन ने कहा कि स्वास्थ्य पेशेवर दूसरों की देखभाल में अपना अधिकांश समय समर्पित करते हैं और कई बार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते हैं। ऐसे में उनके लिए भी अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। योग के माध्यम से जीवन में संतुलन, स्थिरता और आंतरिक खुशहाली विकसित की जा सकती है।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य केवल लोगों को योग सिखाना नहीं, बल्कि योग को उनकी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाना है, ताकि वे स्वयं अपने स्वास्थ्य और खुशहाली की जिम्मेदारी ले सकें।
समझौते के तहत प्रतिभागियों की रुचि और सहभागिता को देखते हुए भविष्य में इनर इंजीनियरिंग जैसे उन्नत कार्यक्रम आयोजित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
ईशा फाउंडेशन के मुताबिक, इस पहल के जरिए स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लोगों तक शास्त्रीय हठ योग के लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। नियमित योग अभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ जीवनशैली से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में भी मदद मिल सकती है।
