नई दिल्ली: मंगलवार सुबह बिहार, पश्चिम बंगाल और नेपाल समेत कई इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए. सुबह करीब 7 बजे अचानक धरती कांपने से लोगों में घबराहट फैल गई. कई जगह लोग एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए. भूकंप का केंद्र नेपाल के कोशी प्रांत में बताया गया है. यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक इसकी तीव्रता 5.4 मापी गई. हालांकि, भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने इसकी तीव्रता 5.3 दर्ज की है.
सुबह 7 बजे महसूस हुए भूकंप के झटके
जानकारी के मुताबिक, भूकंप मंगलवार सुबह 7 बजकर 2 मिनट के आसपास आया. बिहार के पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, वैशाली, पूर्णिया, अररिया और सुपौल समेत कई जिलों में लोगों ने कंपन महसूस किया. कुछ इलाकों में झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए. अचानक धरती हिलने से लोग अपने घरों और इमारतों से बाहर निकल आए.
बंगाल के इन इलाकों में भी कांपी धरती
भूकंप का असर पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में भी देखने को मिला. दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और सिलीगुड़ी समेत कई इलाकों में झटके महसूस किए गए. कुछ जगहों पर ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग घबराकर बाहर आ गए. इसके अलावा सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी धरती में कंपन महसूस किया गया.
नेपाल के कोशी प्रांत में था भूकंप का केंद्र
भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार, भूकंप का केंद्र नेपाल में 27.855 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 87.909 डिग्री पूर्वी देशांतर पर था. इसकी गहराई जमीन से करीब 20 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई. वहीं EMSC ने इसकी गहराई करीब 10 किलोमीटर बताई है. भूकंप के झटके भारत के अलावा नेपाल, भूटान, बांग्लादेश और चीन के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए जाने की खबर है.
फिलहाल जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
राहत की बात यह है कि शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक प्रभावित इलाकों में किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है. प्रशासन और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. भूकंप के बाद प्रभावित क्षेत्रों से नुकसान की जानकारी जुटाई जा रही है. गौरतलब है कि हिमालयी क्षेत्र भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है. नेपाल में आए भूकंप का असर सीमावर्ती भारतीय राज्यों में भी महसूस किया गया.