उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की कवायद तेज हो गई है। दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर जारी है। इसी बीच सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव तैयार किया है। हालांकि, कांग्रेस की ओर से अभी इस प्रस्ताव पर कोई आधिकारिक सहमति नहीं जताई गई है।
सूत्रों के मुताबिक, सपा की ओर से प्रस्तावित सीटों में कांग्रेस की 2022 विधानसभा चुनाव में जीती हुई दो सीटें और चार ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी। इनके अलावा 20 अन्य सीटें भी कांग्रेस के खाते में देने का प्रस्ताव है। माना जा रहा है कि आगे होने वाली बातचीत में सीटों की संख्या बढ़ाई भी जा सकती है।
कांग्रेस को किन 26 सीटों का प्रस्ताव?
सूत्रों के अनुसार, समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के लिए जिन 26 विधानसभा सीटों का प्रस्ताव रखा है, उनमें ये नाम शामिल हैं:
- रामपुर खास
- फरेंदा
- मथुरा
- खेरागढ़
- जगदीशपुर
- किदवई नगर
- बागपत
- मोदीनगर
- हापुड़
- जेवर
- स्याना
- खुर्जा
- खैर
- इगलास
- मांट
- आगरा उत्तर
- फतेहपुर सीकरी
- बिलग्राम-मल्लावां
- गोविंद नगर
- नानपारा
- गोरखपुर शहर
- खजनी
- पडरौना
- फाजिलनगर
- पिंडरा
- वाराणसी कैंट
इनमें रामपुर खास और फरेंदा वे सीटें हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। वहीं मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर में कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी।
राम गोपाल यादव ने क्या कहा?
सीट बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत के बीच समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव का बयान भी सामने आया है। उन्होंने कहा कि पिछली बैठक में पार्टी की ओर से अपनी बात रख दी गई थी और कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया गया है। राम गोपाल यादव ने कहा, “बैठक में जो कुछ भी कहना था, वह हमने कल कह दिया था। मैंने उन्हें अपनी 26 सीटें दे दी हैं और आज हम फिर से बातचीत करने जा रहे हैं।” उनके इस बयान के बाद यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन की सीट शेयरिंग को लेकर राजनीतिक हलचल और तेज हो गई है।
कांग्रेस के जवाब पर टिकी निगाहें
फिलहाल समाजवादी पार्टी की ओर से 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की बात सामने आई है, लेकिन कांग्रेस ने अभी तक इस पर अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है। ऐसे में दोनों दलों के बीच होने वाली अगली बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि कांग्रेस सपा के इस प्रस्ताव को स्वीकार करती है या फिर सीटों की संख्या और चुनावी क्षेत्रों को लेकर अपनी अलग मांग रखती है। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों का यह गणित यूपी की राजनीति में नए सियासी समीकरण तय कर सकता है।