उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर सियासी चर्चा तेज हो गई है. इस बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मुद्दे पर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि सभी जानते हैं कि आगामी चुनाव में बीजेपी का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा. योगी की यह टिप्पणी डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान के बाद आई है, जिसमें उन्होंने कहा था कि चुनाव के दौरान पार्टी का चेहरा उसका चुनाव चिह्न ‘कमल’ होता है.
योगी आदित्यनाथ ने क्या कहा?
एबीपी न्यूज को दिए इंटरव्यू में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बीजेपी के सभी नेता कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ेंगे. उन्होंने कहा, “हर किसी को कमल पर ही चुनाव लड़ना होगा. मैं भी कमल के निशान पर चुनाव लड़ूंगा. हमारे लिए कमल का फूल ही सब कुछ है.” जब उनसे केशव प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर सवाल किया गया तो योगी ने कहा कि सबको पता है कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा. उनके इस बयान को 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी के नेतृत्व को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अहम माना जा रहा है.
केशव प्रसाद मौर्य ने क्या कहा था?
दरअसल, उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से जब 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल किया गया था तो उन्होंने पार्टी के चुनाव चिह्न कमल को ही चेहरा बताया था. मौर्य के मुताबिक, चुनाव के दौरान बीजेपी कमल के निशान के साथ मैदान में उतरती है. चुनाव के बाद जब विधायक चुनकर आते हैं तो उनकी बैठक होती है. इस प्रक्रिया में केंद्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल होते हैं और विधायकों की सहमति से नेता का चयन किया जाता है.उन्होंने कहा था कि फिलहाल योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं. चुनाव के बाद भी वही इस पद पर रहेंगे या किसी दूसरे नेता को जिम्मेदारी मिलेगी, इसका फैसला उस समय चुने गए विधायक करेंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि इस बारे में फैसला करना उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है. गौरतलब है कि बीजेपी ने अभी तक 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने मुख्यमंत्री पद के चेहरे का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है.
ब्रजेश पाठक ने दिया जीत का मंत्र
वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी की लगातार तीसरी जीत को लेकर भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि पार्टी को एक बार फिर भारी जनादेश दिलाने के लिए विभिन्न समुदायों के नेता मिलकर काम करेंगे. पाठक के मुताबिक, सभी नेताओं ने एकजुट होकर पूरे प्रदेश में काम करने और बीजेपी को दोबारा मजबूत बहुमत से सत्ता में लाने का संकल्प लिया है.
2027 में कब होंगे यूपी विधानसभा चुनाव?
उत्तर प्रदेश में अगला विधानसभा चुनाव 2027 में होना है. चुनाव फरवरी-मार्च के आसपास कराए जाने की संभावना है. राज्य में 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने जीत दर्ज कर लगातार दो बार सरकार बनाई थी. अब 2027 के चुनाव में बीजेपी के सामने सत्ता बरकरार रखने की चुनौती होगी. वहीं, समाजवादी पार्टी भी चुनावी तैयारियों में जुटी है और इस बार बीजेपी को कड़ी टक्कर देने की रणनीति बना रही है. ऐसे में चुनाव से पहले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर नेताओं के बयानों ने प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है.