देश की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनी Mahindra इस हफ्ते के आखिर में स्वतंत्रता दिवस समारोह से एक दिन पहले अपने आगामी फ्लैगशिप मॉडल XUV700 से पर्दा उठाने के लिए पूरी तरह तैयार है। महिंद्रा ने तारीख की पुष्टि करते हुए कहा है कि वह अपनी बहुप्रतीक्षित Mahindra XUV700 एसयूवी का 14 अगस्त, 2021 को ग्लोबल डेब्यू करेगी। Mahindra डेब्यू से पहले XUV700 के सेगमेंट-फर्स्ट फीचर्स के बारे में बताती रही है, ताकि ग्राहकों को पता चल सके कि XUV500 को रिप्लेस करने वाली कार कैसी होगी।
महिंद्रा ने XUV700 का एक लेटेस्ट टीजर साझा किया है। नए टीजर में XUV700 को कार निर्माता द्वारा सोमवार को लॉन्च किए गए नए लोगो के साथ दिखाया गया है। कार निर्माता के नए मुख्य डिजाइन अधिकारी प्रताप बोस द्वारा डिजाइन किया गया नया लोगो, चुनौतियों का सामना करने के लिए ब्रांड के वाहनों की क्षमता के बारे में बताता है।
महिंद्रा की बहुप्रतीक्षित 7-सीटर एसयूवी XUV700 का कार प्रेमी काफी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। हाल ही में ऑनलाइन लीक हुई तस्वीरों के मुताबिक, XUV700 का प्रोफाइल बड़ा हो गया है। Hyundai Alcazar और Tata Safari के हालिया लॉन्च के बाद यह भारतीय बाजारों में एंट्री करने वाली लेटेस्ट तीन-पंक्ति SUV होने जा रही है। XUV700 एसयूवी महिंद्रा XUV500 को रिप्लेस करेगी। इस कार में एक लंबा फैला हुआ रियर ओवरहैंग अपनी खास मौजूदगी दर्ज कराता है। वाहन निर्माता ने एक बड़ा प्रोफाइल अपनाया है। नए अपडेट के साथ, नई फीचर्स और उपकरणों के रूप में कार में अपडेट की एक बड़ी रेंज मिलती है। इससे पहले, महिंद्रा ने XUV700 एसयूवी में ऑटो बूस्टर हेडलैंप, स्मार्ट पॉप-अप हैंडल, ड्राइवर अटेंशन मॉनिटर और वाइड-इन-सेगमेंट रूफ जैसे फीचर्स की पुष्टि की है।