नई दिल्ली: इलेक्ट्रिक कारों के लिए दुनियाभर में पहचान रखने वाली टेस्ला (Tesla) ने पहली बार टू-व्हीलर कैटेगरी में कदम रखा है। हालांकि, कंपनी ने इस बार इलेक्ट्रिक स्कूटर या मोटरसाइकिल नहीं, बल्कि छोटे बच्चों के लिए खास तौर पर तैयार की गई पैडल-लेस बैलेंस बाइक पेश की है। लॉन्च के तुरंत बाद इस प्रोडक्ट को ग्राहकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिली और कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर यह फिलहाल आउट ऑफ स्टॉक हो गई है।
कंपनी ने इस बैलेंस बाइक की कीमत 225 अमेरिकी डॉलर रखी है, जो भारतीय मुद्रा में करीब 19 हजार रुपये के बराबर है। फिलहाल यह उत्पाद अमेरिकी बाजार में उपलब्ध कराया गया है और इसकी डिलीवरी अगस्त के अंत तक शुरू होने की उम्मीद है।
2 से 5 साल के बच्चों के लिए तैयार
टेस्ला के अनुसार, यह बैलेंस बाइक 2 से 5 वर्ष की आयु के बच्चों को ध्यान में रखकर डिजाइन की गई है। इसमें अधिकतम 35 किलोग्राम तक वजन वाले बच्चे सवारी कर सकते हैं। बाइक में हल्के वजन का मैग्नीशियम फ्रेम दिया गया है, जिससे छोटे बच्चों के लिए इसे संभालना आसान हो जाता है।
सीखने पर फोकस, नहीं है मोटर या पैडल
यह बाइक पारंपरिक साइकिल से अलग है क्योंकि इसमें न तो मोटर दी गई है और न ही पैडल। बच्चे अपने पैरों की मदद से इसे आगे बढ़ाते हैं। इस प्रक्रिया के जरिए उन्हें संतुलन बनाना, दिशा नियंत्रित करना और साइकिल चलाने की शुरुआती तकनीक सीखने में मदद मिलती है। इसके बाद बच्चे सामान्य पैडल वाली साइकिल आसानी से चला सकते हैं।
एडजस्टेबल सीट और मिनिमलिस्ट डिजाइन
बाइक में सीट की ऊंचाई को पांच अलग-अलग स्तरों पर समायोजित किया जा सकता है, ताकि बच्चे की लंबाई के अनुसार इसे सेट किया जा सके। डिजाइन की बात करें तो इसमें टेस्ला की सिग्नेचर मिनिमलिस्ट स्टाइल देखने को मिलती है। फ्रेम पर कंपनी का नाम और आगे की ओर प्रतिष्ठित ‘T’ लोगो दिया गया है।
कंपनी का कहना है कि बाइक के साथ असेंबली के लिए जरूरी सभी उपकरण भी दिए जा रहे हैं, जिससे ग्राहक इसे घर पर ही आसानी से तैयार कर सकते हैं। फिलहाल यह बैलेंस बाइक केवल अमेरिकी बाजार में उपलब्ध कराई गई है। कंपनी ने अभी अन्य देशों में इसकी लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।