नई दिल्ली| NEET परीक्षा विवाद और छात्रों के आंदोलन के बीच टीवी अभिनेत्री और बिग बॉस OTT फेम आकांक्षा पुरी के एक बयान ने नई चर्चा छेड़ दी है। अभिनेत्री ने दावा किया है कि आंदोलन में शामिल होने और सोशल मीडिया पर समर्थन जताने के लिए कुछ कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स से संपर्क किया गया तथा उन्हें आर्थिक प्रस्ताव भी दिए गए।
मीडिया से बातचीत में आकांक्षा पुरी ने कहा कि उन्हें और उनके कुछ कंटेंट क्रिएटर दोस्तों को प्रदर्शन में शामिल होने के लिए संदेश मिले थे। उनके मुताबिक, कुछ लोगों ने यात्रा और ठहरने की व्यवस्था करने के साथ-साथ इसके लिए भुगतान की पेशकश भी की थी।
‘मैनेजर के पास भी आए ऐसे प्रस्ताव’
आकांक्षा ने बताया कि यह संपर्क सीधे सोशल मीडिया और मैनेजर्स के माध्यम से किया गया। उनका कहना था कि अलग-अलग स्तर के प्रचार और कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अलग-अलग भुगतान की बात कही गई थी। हालांकि उन्होंने ऐसे किसी भी प्रस्ताव को स्वीकार करने से इनकार कर दिया।
उन्होंने कहा कि वह किसी भी ऐसे अभियान का हिस्सा नहीं बनना चाहतीं, जिससे यह संदेश जाए कि किसी सामाजिक या छात्र आंदोलन में उनकी मौजूदगी किसी प्रचार या व्यावसायिक उद्देश्य से जुड़ी है।
छात्रों के प्रति जताई सहानुभूति
अभिनेत्री ने कहा कि छात्रों की स्थिति चिंताजनक है और उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों का भविष्य सबसे महत्वपूर्ण है और यदि वे अपनी समस्याओं को लेकर आवाज उठा रहे हैं, तो संबंधित पक्षों को उनकी बात पर ध्यान देना चाहिए।
जंतर-मंतर पर जारी है प्रदर्शन
उधर, NEET परीक्षा विवाद को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन जारी है। हाल ही में एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने सरकार से लिखित आश्वासन मिलने के बाद अपना अनशन समाप्त कर दिया, लेकिन प्रदर्शनकारी संगठन अब भी अपनी मांगों को लेकर आंदोलन जारी रखे हुए हैं।
आकांक्षा पुरी का यह बयान ऐसे समय सामने आया है, जब परीक्षा व्यवस्था, जवाबदेही और छात्र आंदोलन को लेकर देशभर में राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज बनी हुई है।