मुंबई। भोजपुरी के सुपरस्टार व भाजपा सांसद रवि किशन के बड़े भाई राम किशन शुक्ला का हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया है। उनकी उम्र 53 वर्ष थी। रवि किशन के भाई के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर दुःख जताया है।
गोरखपुर के माननीय सांसद श्री रवि किशन जी के अग्रज श्री रामकिशन शुक्ला जी का निधन अत्यंत दु:खद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं।
प्रभु श्री राम दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) February 5, 2023
अभिनेता के भाई का निधन आज दोपहर 12 बजे के करीब हुआ था। अभिनेता ने खुद सोशल मीडिया पर इस बात की जानकारी दी है। निधन की खबर मिलते ही अभिनेता मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं।
रवि किशन ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
भाई के निधन की जानकारी देते हुए रवि किशन ने इन्स्टाग्राम पर लिखा- ‘दुःखद मेरे बड़े भाई श्री रामकिशन शुक्ला जी का अचानक ह्रदय गति रुकने के कारण मुंबई के नानावटी अस्पताल में दोपहर 12 बजे निधन हो गया है। महादेव से प्रार्थना है कि अपने श्री चरणों में स्थान दे ओम् शान्ति शान्ति शान्ति’।
View this post on Instagram
रवि किशन के इस पोस्ट पर कमेंट कर भोजपुरी के सितारे दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ, आम्रपाली दुबे, अक्षरा सिंह आदि ने भी दुख जताया है।
दोपहर में बिगड़ी थी तबीयत
सांसद के बड़े भाई मुंबई में रहकर रवि किशन के प्रोडक्शन का काम देखते थे। जानकारी के अनुसार आज दोपहर में काम करते वक्त अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद राम किशन शुक्ला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
रवि किशन के यह भाई तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे। बता दें कि इनका एक 25 साल का बेटा है जो सरकारी नौकरी में हैं, वहीं पत्नी का पहले ही निधन हो चुका है।