मुंबई। बॉलीवुड से एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह ने रविवार को अपने फैंस के साथ साझा किया कि वे दूसरी बार माता-पिता बनने वाले हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर बधाइयों की बाढ़ आ गई और फैंस ने कपल को ढेर सारी शुभकामनाएं दीं।
दीपिका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक खास पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। पोस्ट में उनकी बेटी दुआ नजर आई, जो प्रेग्नेंसी टेस्ट किट के साथ दिखाई दे रही है। इस अनोखे अंदाज में की गई घोषणा ने फैंस को सरप्राइज कर दिया। पिछले कुछ समय से दोनों के साथ नजर न आने को लेकर जो अटकलें लग रही थीं, अब उनका जवाब भी मिल गया है।
बता दें कि इस कपल ने 8 सितंबर 2024 को अपनी बेटी दुआ का स्वागत किया था और अब करीब डेढ़ साल बाद परिवार में एक और नए सदस्य के आने की खुशखबरी दी है। ऐसे में फैंस दुआ के बड़े बहन बनने को लेकर भी काफी उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर लगातार रिएक्शन दे रहे हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो दीपिका पादुकोण जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म किंग में नजर आ सकती हैं। इसके अलावा वह साउथ सिनेमा के बड़े प्रोजेक्ट्स पर भी काम कर रही हैं। वहीं रणवीर सिंह भी अपने आगामी फिल्मों को लेकर चर्चा में बने हुए हैं, जिससे आने वाला समय इस स्टार कपल के लिए और भी खास रहने वाला है।