मुंबई। रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ का जलवा अभी भी बॉक्स ऑफिस पर बरकरार है। दर्शकों के बीच फिल्म का क्रेज ऐसा है कि लोग इसे एक बार नहीं बल्कि कई बार सिनेमाघरों में देखने पहुंच रहे हैं। रिलीज के तीसरे हफ्ते में ही निर्देशक आदित्य धर की इस फिल्म ने इतिहास रच दिया है।
1000 करोड़ क्लब में एंट्री, बना रिकॉर्ड
‘धुरंधर 2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए ₹1000 करोड़ नेट कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। 18वें दिन यानी रविवार को फिल्म ने ₹28.75 करोड़ की कमाई की। इसके साथ ही कुल घरेलू नेट कलेक्शन करीब ₹1,013.77 करोड़ पहुंच गया। इसी के साथ यह बॉलीवुड की पहली फिल्म बन गई है जिसने भारत में ₹1000 करोड़ नेट का आंकड़ा छुआ।
वर्ल्डवाइड कलेक्शन भी दमदार
फिल्म का असर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। ‘धुरंधर 2’ ने दुनियाभर में ₹1600 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म पहले ही ₹1500 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है। अब नजर इस बात पर है कि क्या यह फिल्म दंगल के रिकॉर्ड को चुनौती देते हुए ₹2000 करोड़ क्लब में शामिल हो पाएगी या नहीं।
लगातार बन रहे नए रिकॉर्ड
‘धुरंधर 2’ कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर रही है-
बाहुबली 2 और पुष्पा 2 के बाद ₹1000 करोड़ नेट क्लब में शामिल होने वाली तीसरी भारतीय फिल्म
इस मुकाम तक पहुंचने वाली सबसे तेज हिंदी फिल्म
नॉर्थ अमेरिका में $25 मिलियन से ज्यादा कमाई कर नया रिकॉर्ड
फिल्म में रणवीर सिंह ने अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को बांधे रखा है। उनके साथ आर माधवन, अर्जुन रामपाल, संजय दत्त और राकेश बेदी जैसे कलाकारों ने भी कहानी को मजबूती दी है। फिल्म की कहानी, डिटेलिंग और प्रस्तुति को दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। कुल मिलाकर ‘धुरंधर 2’ साल 2026 की सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म बनकर उभरी है और इसकी कमाई का सिलसिला अभी भी जारी है।