रिपोर्ट – विनीत शर्मा , अलीगढ़
अलीगढ़ जनपद की सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने गुम हुए कुल 235 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए।
इन बरामद मोबाइल फोन की कुल अनुमानित कीमत करीब 40 लाख 51 हजार 615 रुपये बताई गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री नीरज कुमार जादौन के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान में पुलिस अधीक्षक अपराध श्रीमती ममता कुरील के मार्गदर्शन में सर्विलांस टीम ने अथक प्रयास कर यह सफलता प्राप्त की।
सोमवार को पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी ने सभी बरामद मोबाइल फोन उनके मालिकों को सुपुर्द किए। अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने अलीगढ़ पुलिस व सर्विलांस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस कार्रवाई को आमजन ने सराहा है और इसे जनसेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया है।