लखनऊ। एसडीएम ज्योति मौर्या और आलोक मौर्या के बीच लंबे समय से चल रहा विवाद अब सुलझ गया है। सोशल मीडिया और कानूनी हलकों में चर्चित रहे इस मामले में दोनों ने आपसी मतभेद भुलाकर नई शुरुआत करने का फैसला लिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, दोनों अब अपनी दो बेटियों के बेहतर भविष्य के लिए फिर से एक साथ रह रहे हैं।
बेटियों के भविष्य के लिए लिया बड़ा फैसला
काफी समय तक आरोप-प्रत्यारोप और कानूनी लड़ाई के बाद दंपति ने महसूस किया कि उनके विवाद का असर बच्चों पर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए दोनों ने कोर्ट के बाहर समझौता किया। अब जब भी ज्योति मौर्या अपनी ड्यूटी से समय निकालती हैं, परिवार एक साथ समय बिताता है।
फिल्मी कहानी जैसा रहा विवाद
ज्योति और आलोक का विवाद लंबे समय तक सुर्खियों में रहा और इसकी तुलना अक्सर सूर्यवंशम जैसी कहानियों से की जाती थी। हालांकि अब दोनों ने बीते विवादों को पीछे छोड़ते हुए रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया है।
आलोक मौर्या का करियर पर फोकस
विवाद से बाहर आने के बाद आलोक मौर्या अब अपने करियर पर ध्यान दे रहे हैं। करीब तीन साल तक सोशल मीडिया से दूरी बनाने के बाद वह फिर से सक्रिय हुए हैं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे हैं। बताया जा रहा है कि उन्हें राजनीति में आने के प्रस्ताव भी मिले, लेकिन फिलहाल उन्होंने पढ़ाई और भविष्य की योजना को प्राथमिकता दी है।