‘हनुमान अंश’ की बॉक्स ऑफिस पर रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही है। रिलीज के एक महीने से ज्यादा समय बाद भी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में कामयाब है। फिल्म ने अपने 31वें दिन अब तक की सबसे बड़ी सिंगल-डे कमाई दर्ज की है। ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने रविवार को भारत में करीब 22.75 करोड़ रुपये नेट का कारोबार किया। इसके साथ ही फिल्म का भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 144.40 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 122.13 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। रविवार को फिल्म के लिए देशभर में 7,077 शो चलाए गए।
पांचवें वीकेंड में रिकॉर्ड कमाई
‘हनुमान अंश’ के लिए पांचवां वीकेंड बेहद शानदार रहा। फिल्म ने 29वें दिन करीब 10 करोड़ रुपये, 30वें दिन 16.50 करोड़ रुपये और 31वें दिन 22.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इस तरह तीन दिनों में फिल्म ने करीब 49.25 करोड़ रुपये की कमाई की। पांचवें वीकेंड में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में ‘हनुमान अंश’ सबसे ऊपर है। इसके बाद ‘धुरंधर’ 35.80 करोड़ रुपये, ‘छावा’ 22 करोड़ रुपये, ‘पुष्पा 2’ 16 करोड़ रुपये और ‘धुरंधर 2’ 12.75 करोड़ रुपये के साथ शामिल हैं।
31वें दिन कमाई में 37.9% की बढ़ोतरी
शनिवार की तुलना में रविवार को फिल्म की कमाई में जबरदस्त उछाल देखने को मिला। 30वें दिन जहां फिल्म ने 16.50 करोड़ रुपये नेट कमाए थे, वहीं अगले दिन यह आंकड़ा बढ़कर 22.75 करोड़ रुपये हो गया। यानी एक दिन में करीब 37.9 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। खास बात यह है कि आमतौर पर किसी फिल्म की कमाई रिलीज के कुछ हफ्तों बाद लगातार नीचे जाती है, लेकिन ‘हनुमान अंश’ का ट्रेंड इसके उलट नजर आ रहा है। फिल्म की कमाई में असली तेजी तीसरे हफ्ते के बाद देखने को मिली।
पहले हफ्ते में फिल्म ने करीब 1.08 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जबकि दूसरे हफ्ते की कमाई लगभग 40 लाख रुपये रही। इसके बाद तीसरे हफ्ते में फिल्म ने 10.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और चौथे हफ्ते में इसकी कमाई में बड़ा उछाल आया। अब पांचवें वीकेंड के शानदार प्रदर्शन के साथ फिल्म ने भारत में 120 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन का आंकड़ा भी पार कर लिया है। एक महीने से ज्यादा समय बाद भी फिल्म की मजबूत कमाई ने इसके बॉक्स ऑफिस रन को खास बना दिया है।