साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। कन्नड़ सिनेमा के जाने-माने अभिनेता और निर्माता Dileep Raj का मंगलवार को निधन हो गया। बताया जा रहा है कि 47 वर्षीय दिलीप राज को अचानक दिल का दौरा पड़ा, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
परिवार के करीबी सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उनकी तबीयत ठीक नहीं थी। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि हाल ही में गोवा यात्रा के दौरान उन्हें कई बार सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। बेंगलुरु लौटने के बाद वह मेडिकल जांच कराने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही उनका निधन हो गया।
दिलीप राज के निधन की खबर सामने आते ही कन्नड़ फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। उनके प्रशंसक और करीबी कलाकार सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
‘मिलाना’ फिल्म से मिली थी खास पहचान
दिलीप राज का जन्म 2 सितंबर 1978 को बेंगलुरु में हुआ था। कॉलेज के दिनों में ही उनकी रुचि डांस और अभिनय की ओर बढ़ने लगी थी। शुरुआत में उन्होंने थिएटर और ड्रामा ग्रुप के साथ काम किया, जिसके बाद उन्होंने कन्नड़ फिल्मों में कदम रखा।
उन्होंने साल 2005 में फिल्म ‘बॉय फ्रेंड’ से अभिनय करियर की शुरुआत की थी। हालांकि, उन्हें असली पहचान 2007 में रिलीज हुई फिल्म Milana से मिली। इसके बाद उन्होंने कई चर्चित फिल्मों और टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया।
टीवी इंडस्ट्री में भी बनाई अलग पहचान
फिल्मों के अलावा दिलीप राज ने टीवी इंडस्ट्री में भी अपनी मजबूत पहचान बनाई। उन्होंने अपने बैनर DR Creations के तहत कई लोकप्रिय धारावाहिकों का निर्माण किया।
Hitler Kalyana से उन्हें घर-घर में लोकप्रियता मिली। इसके अलावा ‘मांगल्या’, ‘जननी’, ‘रंगोली’ और Kumkum Bhagya जैसे शोज से भी वह जुड़े रहे। दिलीप राज कई रियलिटी शोज में जज की भूमिका निभा चुके थे और एक बेहतरीन डबिंग आर्टिस्ट के तौर पर भी उनकी पहचान थी।