नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी शिक्षाओं से प्रेरित स्पिरिचुअल ड्रामा फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा का ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है। खास बात यह है कि अक्षय कुमार की ‘हैवान’ और मनोज बाजपेयी की ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ जैसी नई फिल्मों की रिलीज के बावजूद ‘हनुमान अंश’ की कमाई की रफ्तार बनी हुई है। विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने रिलीज के 36वें दिन यानी 11 सितंबर को करीब 10.50 करोड़ रुपये की नेट कमाई की। सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने इस दिन 5,743 शोज के साथ करीब 38 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की।
205 करोड़ के पार पहुंचा ग्रॉस कलेक्शन
36वें दिन की कमाई के साथ ‘हनुमान अंश’ का भारत में ग्रॉस कलेक्शन करीब 205.15 करोड़ रुपये पहुंच गया है। वहीं फिल्म की घरेलू नेट कमाई लगभग 173.63 करोड़ रुपये हो चुकी है। नई रिलीज फिल्मों की बात करें तो अक्षय कुमार स्टारर ‘हैवान’ को बॉक्स ऑफिस पर अपेक्षित शुरुआत नहीं मिली। फिल्म ने शुक्रवार को 7,224 शोज से करीब 3 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया और इसकी ऑक्यूपेंसी लगभग 11 प्रतिशत रही। वहीं मनोज बाजपेयी की ‘लास्ट मैन इन टॉवर’ को समीक्षकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिलने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर धीमी शुरुआत मिली। फिल्म ने शुक्रवार को शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक करीब 3 लाख रुपये की कमाई की।
धीरे-धीरे बढ़ी ‘हनुमान अंश’ की कमाई
‘हनुमान अंश’ की शुरुआत बॉक्स ऑफिस पर बेहद धीमी रही थी। फिल्म ने पहले दिन करीब 10 लाख रुपये कमाए और शुरुआती दो हफ्तों में इसका कलेक्शन लगभग 1.48 करोड़ रुपये ही रहा। हालांकि, दर्शकों से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद फिल्म की कमाई में लगातार इजाफा देखने को मिला। रिलीज के 16वें दिन फिल्म की कमाई में बड़ा उछाल आया। इसके बाद तीसरे, चौथे और पांचवें हफ्ते में भी फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया। रिपोर्ट के अनुसार, चौथे हफ्ते में फिल्म ने करीब 61 करोड़ रुपये और पांचवें हफ्ते में लगभग 90 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। अब छठे हफ्ते में भी फिल्म की कमाई जारी है। विदेशों में भी इसे अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और नॉर्थ अमेरिका में फिल्म की प्री-सेल्स से करीब 95 लाख रुपये जुटाए जाने की जानकारी सामने आई है।