मुंबई। बॉलीवुड के सफल फिल्म निर्माताओं में से एक प्रकाश झा फिल्मों और वेब सीरीज के अलावा अपने बेबाक बयानों के लिए भी जाने जाते हैं। अब हाल ही में प्रकाश झा ने फिल्मों और वेब शो की सेंसरशिप की निंदा की है। साथ ही कहा है कि इन्हें जिम्मेदारी से बनाया जाना चाहिए।
एक इंटरव्यू में प्रकाश झा ने इस बात पर जोर दिया कि कहानी बताने की आजादी मुख्यधारा के थिएटरों और ओटीटी दोनों में उपलब्ध है, लेकिन इसे लोगों को देखने के लिए आकर्षक तरीके से बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “मैंने कभी भी सेंसरशिप का समर्थन नहीं किया है क्योंकि समाज उन व्यक्तियों के समूह से कहीं अधिक मजबूत है, जो यह तय करते हैं कि समाज को क्या देखना है।”
बिना किसी का नाम लिए प्रकाश झा ने कहा कि हिंसा या सेक्स दिखाने वाली फिल्में जनता द्वारा सिनेमाघरों में देखी जा रही हैं। समाज जाता है और उन फिल्मों को सफल बनाता है। अब आप समाज को सेंसर क्यों नहीं करते हैं? समाज पर सेंसर लगाएं। क्या आप ऐसा कर सकते हैं? तो समाज तय करेगा कि वह क्या देखना चाहता है और मैं भी इसके साथ सहमत हूं।
यह पूछे जाने पर कि क्या ओटीटी किसी विवादास्पद विषय पर फिल्म बनाने में अधिक स्वतंत्रता देती है क्योंकि इसे सिनेमाघरों में प्रदर्शित फिल्मों की तरह किसी भी तरह के शारीरिक हमले का सामना नहीं करना पड़ता है?
दिग्गज फिल्म निर्माता ने कहा कोई भी हर संभव तरीके से या किसी भी माध्यम से स्वतंत्रता ले सकता है, लेकिन आपको जिम्मेदारी से संवाद करना होगा क्योंकि आप लोगों के साथ भी संवाद कर रहे हैं और एक निश्चित मात्रा में सभ्यता या जिम्मेदारी से जुड़े हैं।
प्रकाश झा ने कहा मैं इसमें विश्वास करता हूं और यही कारण है कि मैं अपनी कहानियों पर विशेष तरीके से बातचीत करने की कोशिश करता हूं। चाहे मैं इसे सिनेमा के लिए कह रहा हूं या ओटीटी के लिए, मैं जिम्मेदारी से बोलना चाहूंगा।