लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरानिया इलाके में कोचिंग सेंटर में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कई छात्रों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद अभिनेता सोनू सूद ने गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सोनू सूद ने लिखा कि क्लासरूम बच्चों के सपनों को आकार देने की जगह होते हैं, न कि उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव। उन्होंने कहा कि इस हादसे ने उनका दिल तोड़ दिया है और जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया है, उनके दर्द को शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता।
सोनू सूद ने अपने संदेश में लिखा कि इस हादसे में कई ऐसे सपने खत्म हो गए, जो भविष्य में अधिकारी, कलाकार, नेता और समाज बदलने वाले चेहरे बन सकते थे। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सिर्फ संवेदना जताने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मजबूत सुरक्षा इंतजाम भी जरूरी हैं।
सोमवार दोपहर अलीगंज इलाके की एक तीन मंजिला इमारत में अचानक आग लग गई थी। देखते ही देखते आग ने ऊपरी मंजिलों को अपनी चपेट में ले लिया। उस समय इमारत में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई और कई छात्र अंदर फंस गए।
मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने राहत और बचाव अभियान चलाकर कई छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियों को मौके पर लगाया गया था। कई छात्रों को दीवार तोड़कर बाहर निकाला गया, जबकि कुछ छात्र जान बचाने के लिए ऊंची मंजिलों से कूदते भी दिखाई दिए।
घटना के दौरान मौजूद लोगों ने बताया कि धुएं और आग की वजह से अंदर फंसे छात्र बुरी तरह घबरा गए थे। एक छात्र के परिजन ने बताया कि उसका भाई आखिरी बार फोन पर यह कहकर संपर्क में आया था कि वह धुएं से बचने के लिए वॉशरूम की ओर भाग रहा है।
इस हादसे ने एक बार फिर कोचिंग सेंटरों, हॉस्टलों और अन्य व्यावसायिक संस्थानों में अग्नि सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा नियमों की अनदेखी को लेकर कार्रवाई की बात कही है।