टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम बांग्लादेश दौरे पर गई, जहां दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली गई। इस सीरीज में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा और टीम को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा। सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने टीम और हेड कोच माइक हेसन पर जमकर निशाना साधा है।
टी20 वर्ल्ड कप के बाद भी नहीं हुए बदलाव
बांग्लादेश के खिलाफ 15 मार्च को खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में पाकिस्तान को 11 रन से हार मिली। इसके बाद अहमद शहजाद ने टीम मैनेजमेंट पर सवाल उठाते हुए कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप में खराब प्रदर्शन के बाद भी टीम में कोई ठोस बदलाव नहीं किया गया। उन्होंने कहा, “टी20 वर्ल्ड कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भी आपने कोई सुधार नहीं किया। अचानक युवा खिलाड़ियों को टीम में उतार दिया और अब सीरीज हारने के बाद उसे बहाना बना रहे हैं।”
टॉस के फैसले पर भी उठाए सवाल
शहजाद ने कप्तानी के फैसले पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि टॉस जीतने के बाद पाकिस्तान ने गेंदबाजी करने का फैसला क्यों किया, जबकि पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी थी। उन्होंने कहा, “आपको पहले बल्लेबाजी करनी चाहिए थी, बड़ा स्कोर बनाना चाहिए था और फिर लाइट्स के नीचे गेंदबाजी करनी चाहिए थी। लेकिन टीम के फैसले समझ से परे हैं।”
‘पाकिस्तान को जिम्बाब्वे की तरह समझने लगे लोग’
अहमद शहजाद ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर टीम का यही हाल रहा तो पाकिस्तान क्रिकेट का स्तर गिरता जाएगा। उन्होंने कहा, “पाकिस्तान टीम अब सहयोगी टीम बनती जा रही है। लोग पाकिस्तान को जिम्बाब्वे की तरह समझने लगे हैं। और फिर आप कहते हैं कि हम रन रेट की वजह से विश्व कप से बाहर हो गए। थोड़ी शर्म भी होनी चाहिए।”
निर्णायक मुकाबले में 11 रन से मिली हार
बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच सीरीज का आखिरी मुकाबला 15 मार्च को खेला गया था। दोनों टीमों के लिए यह मैच ‘करो या मरो’ जैसा था। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 50 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 290 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम 279 रन पर ही सिमट गई और मैच 11 रन से हार गई। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। सीरीज हारने के बाद पाकिस्तान टीम की आलोचना क्रिकेट जगत में लगातार हो रही है।