लखनऊ। आईपीएल 2026 के बीच लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम से एक विवादित मामला सामने आया है। लखनऊ सुपर जायंट्स और पंजाब किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले के दौरान कुछ दर्शकों पर चीयरलीडर्स के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद यूजर्स लगातार नाराजगी जता रहे हैं।
मैच के दौरान हुई कथित बदसलूकी
बताया जा रहा है कि मुकाबले के दौरान मैदान में मौजूद चीयरलीडर्स अपनी टीम को सपोर्ट कर रही थीं। इसी दौरान स्टैंड में बैठे कुछ लोगों की हरकतों से एक विदेशी चीयरलीडर असहज हो गई। वायरल वीडियो में वह इशारों के जरिए कुछ लोगों को ऐसा करने से रोकती नजर आ रही है। वीडियो में चीयरलीडर बार-बार ‘नो, नो’ कहते हुए दिखाई देती है। इसके बाद वह मैदान पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों से शिकायत करती नजर आती है। घटना के समय अन्य चीयरलीडर्स भी उसके साथ मौजूद थीं।
सुरक्षा कर्मियों ने संभाला मामला
शिकायत मिलने के बाद स्टेडियम में मौजूद सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और संबंधित दर्शकों को समझाकर मामला शांत कराया। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर अभी तक किसी आधिकारिक कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है।
सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नाराजगी जाहिर की है। कई यूजर्स ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जबकि कुछ लोगों ने स्टेडियम में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए। क्रिकेट मैचों के दौरान महिला स्टाफ, एंकर या चीयरलीडर्स के साथ अभद्रता के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर खेल आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और दर्शकों के व्यवहार को लेकर बहस छेड़ दी है।
मैच में पंजाब किंग्स की जीत
अगर मुकाबले की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 196 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स ने कप्तान श्रेयस अय्यर की नाबाद 101 रन की शानदार पारी की बदौलत 18 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला 7 विकेट से जीत लिया।