कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की पदक तालिका में एक और इजाफा हुआ है। भारतीय वेटलिफ्टर राजा मुथुपांडी ने पुरुषों के 65 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 126 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 160 किलोग्राम वजन उठाकर कुल 286 किलोग्राम का भार उठाया और दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में मलेशिया के अजनील बिदिन ने कुल 299 किलोग्राम वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
सिल्वर जीतने के बाद भी खुश नहीं राजा
मेडल जीतने के बाद राजा मुथुपांडी ने कहा कि वह अपने प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि उनके कोच को उनसे गोल्ड मेडल की उम्मीद थी और वह उस भरोसे पर पूरी तरह खरे नहीं उतर सके। राजा ने कहा कि वह इस प्रतियोगिता से मिली सीख को अपनी ट्रेनिंग में शामिल करेंगे और कोच विजय शर्मा के मार्गदर्शन में पहले से ज्यादा मेहनत करेंगे। उन्होंने इस उपलब्धि को अपने माता-पिता और कोच को समर्पित किया।
संघर्ष से वापसी तक का सफर
तमिलनाडु के थूथुकुडी जिले के रहने वाले 26 वर्षीय राजा मुथुपांडी भारतीय रेलवे में एथलीट के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कम उम्र में ही वेटलिफ्टिंग में अपनी पहचान बना ली थी और 2018 राष्ट्रमंडल खेलों में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। हालांकि, 2019 में कोहनी की गंभीर चोट और सर्जरी के बाद उनका करियर मुश्किल दौर से गुजरा। इसके बाद कोविड महामारी, रिहैब में रुकावट, 2022 बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर होना, पीलिया और अपेंडिसाइटिस जैसी स्वास्थ्य समस्याओं ने उन्हें लंबे समय तक खेल से दूर रखा। एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने वेटलिफ्टिंग छोड़ने तक का विचार कर लिया था। लेकिन पूरी तरह फिट होने के बाद राजा ने शानदार वापसी की। उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाकर फिर से भारतीय टीम में जगह बनाई और अब कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर मेडल जीतकर अपनी मेहनत का शानदार परिणाम हासिल किया।
भारत के अब तक 4 मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत अब तक 4 पदक जीत चुका है।
- मीराबाई चानू – गोल्ड (महिला 48 किग्रा वेटलिफ्टिंग)
- राजा मुथुपांडी – सिल्वर (पुरुष 65 किग्रा वेटलिफ्टिंग)
- चनांबम ऋषिकांत सिंह – सिल्वर (पुरुष 60 किग्रा वेटलिफ्टिंग)
- झंडू कुमार – ब्रॉन्ज (पैरा पावरलिफ्टिंग, हेवीवेट वर्ग)
राजा मुथुपांडी का सिल्वर मेडल भारत के लिए वेटलिफ्टिंग में तीसरा और कुल मिलाकर चौथा पदक है। भारतीय खिलाड़ियों से अब प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी कई और पदकों की उम्मीदें हैं।