हेडिंग्ले: पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट के शुरुआती दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग और ओली रॉबिन्सन ने कहर बरपाते हुए टीम की पहली पारी को महज 171 रन पर समेट दिया। दोनों गेंदबाजों ने पांच-पांच विकेट हासिल किए। इसके साथ ही इंग्लैंड के टेस्ट इतिहास में 28 साल बाद ऐसा हुआ, जब एक ही पारी में दो इंग्लिश तेज गेंदबाजों ने पांच-पांच विकेट लिए। टॉस जीतकर इंग्लैंड ने पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। ओली रॉबिन्सन ने मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेकर शानदार शुरुआत की। उन्होंने 18 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं जोश टंग ने सिर्फ 9.1 ओवर में 46 रन देकर पाकिस्तान के पांच बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया।दोनों की घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान की पूरी टीम 171 रन पर ढेर हो गई।
28 साल बाद इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने रचा इतिहास
टंग और रॉबिन्सन इंग्लैंड के लिए एक ही टेस्ट पारी में पांच-पांच विकेट लेने वाली पहली तेज गेंदबाजी जोड़ी नहीं हैं, लेकिन 28 साल बाद ऐसा करने वाली पहली इंग्लिश पेस जोड़ी जरूर बन गई है। इससे पहले 1998 में एंडी कैडिक और एंगस फ्रेजर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट की पहली पारी में पांच-पांच विकेट हासिल किए थे। इंग्लैंड के लिए एक ही पारी में दो गेंदबाजों के पांच-पांच विकेट लेने का सिलसिला इससे भी पुराना है। 1896 में लॉर्ड्स में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉम रिचर्डसन और जैक हर्न ने यह कारनामा किया था। वहीं, 1888 में सिडनी टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जॉर्ज लोहमैन और बॉबी पील ने इंग्लैंड के लिए एक पारी में पांच-पांच विकेट लेने की उपलब्धि हासिल की थी।
WTC में टंग ने पूरे किए 50 विकेट
जोश टंग के लिए यह प्रदर्शन इसलिए भी खास रहा, क्योंकि पाकिस्तान के खिलाफ पांच विकेट लेते ही उन्होंने WTC 2025-27 चक्र में 50 विकेट पूरे कर लिए। वह इस चक्र में यह आंकड़ा छूने वाले पहले गेंदबाज बन गए हैं। हेडिंग्ले टेस्ट के पहले ही दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों ने पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी है। 171 रन पर ऑलआउट होने के बाद मेजबान टीम ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है।