नई दिल्ली। महिला प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस (MI) का शानदार प्रदर्शन जारी है। हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व वाली MI ने कल मंगलवार को WPL 2023 के 12वें मैच में गुजरात जायंट्स को 55 रन के विशाल अंतर से मात दी। इसी के साथ मुंबई ने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है।
ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए मैच में मुंबई इंडियंस ने पहले बल्लेबाजी के आमंत्रण को स्वीकारा और निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 162 रन बनाए। जवाब में गुजरात जायंट्स की टीम 9 विकेट खोकर 107 रन ही बना सकी। मुंबई की WPL 2023 में यह लगातार पांचवीं जीत रही। मुंबई प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी।
हरमनप्रीत कौर बन गई नंबर-1
हरमनप्रीत कौर ने इस जीत के साथ ही एमएस धोनी सहित कई दिग्गज भारतीय कप्तानों को पीछे छोड़ दिया है। भारतीय खिलाड़ियों में कप्तान के रूप में 5 IPL या WPL में सबसे ज्यादा जीत दर्ज करने के मामले में हरमनप्रीत टॉप पर पहुंच गई हैं। हरमन ने मुंबई इंडियंस की अगुवाई करते हुए टीम को लगातार पांच मैचों में जीत दिलाई।
एमएस धोनी सहित विराट कोहली, रोहित शर्मा, गौतम गंभीर, हार्दिक पांड्या, रविचंद्रन अश्विन, ऋषभ पंत और वीरेंद्र सहवाग भी हरमनप्रीत से पीछे रह गए। इन सभी खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी टीम को लगातार चार मैचों में जीत दिलाई है।
मुंबई ने रचा इतिहास
हरमनप्रीत कौर के साथ-साथ मुंबई इंडियंस ने भी एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मुंबई एकमात्र टीम बनी है, जिसने WPL के अपने पहले पांच मैच जीते। IPL में भी कोई टीम ऐसा कमाल नहीं कर पाई है।
मुंबई इंडियंस ने मौजूदा WPL में गुजरात को 143 रन, आरसीबी को 9 विकेट, दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट, यूपी वॉरियर्स को 8 विकेट और गुजरात जायंट्स को 55 रन से शिकस्त दी।