Sunrisers Hyderabad ने शानदार बल्लेबाजी और घातक गेंदबाजी के दम पर Kolkata Knight Riders को उनके घरेलू मैदान Eden Gardens में 65 रनों से हराकर सीजन की पहली जीत दर्ज की। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 226 रन बनाए। जवाब में कोलकाता की टीम 16 ओवर में 161 रन पर सिमट गई।
हैदराबाद की ओर से हेनरिक क्लासेन (52), अभिषेक शर्मा (48) और ट्रेविस हेड (46) ने तूफानी पारियां खेलीं। गेंदबाजी में जयदेव उनादकट ने तीन विकेट झटके, जबकि ईशान मलिंगा और नीतीश कुमार रेड्डी को दो-दो सफलताएं मिलीं। लक्ष्य का पीछा करते हुए कोलकाता की शुरुआत तेज रही, जहां फिन एलन ने महज 7 गेंदों में 28 रन बना दिए। हालांकि, इसके बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। अंगकृष रघुवंशी ने 52 रन और रिंकू सिंह ने 35 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
इससे पहले हैदराबाद को ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा की सलामी जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने 5.4 ओवर में 82 रन जोड़े। हालांकि, बीच के ओवरों में टीम ने कुछ विकेट जल्दी गंवाए, लेकिन हेनरिक क्लासेन और नीतीश कुमार रेड्डी की साझेदारी ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।कोलकाता की ओर से ब्लेसिंग मुजरबानी ने चार विकेट लिए, जबकि वैभव अरोड़ा ने दो विकेट झटके। इस हार के साथ कोलकाता की टीम 2012 के बाद पहली बार लगातार दो शुरुआती मुकाबले हार गई है, जबकि हैदराबाद ने कोलकाता के खिलाफ अपने रिकॉर्ड में सुधार करते हुए महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।