आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 12 जून से इंग्लैंड में होने जा रहा है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। पिछला संस्करण साल 2024 में न्यूजीलैंड ने अपने नाम किया था, लेकिन इस बार उनके लिए खिताब बचाना आसान नहीं होगा। इसी बीच आईसीसी ने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ग्रुप स्टेज मुकाबलों के लिए मैच ऑफिशियल्स की घोषणा कर दी है।
आईसीसी द्वारा जारी सूची में कुल 14 अंपायर और चार मैच रेफरी को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि लगातार तीसरी बार महिला टी20 वर्ल्ड कप में सभी मैच ऑफिशियल्स महिलाएं ही होंगी। टूर्नामेंट में कुल 33 मुकाबले खेले जाएंगे और चयनित 18 अधिकारियों में से 9 सदस्य साल 2024 के वर्ल्ड कप का भी हिस्सा रह चुकी हैं।
ऑस्ट्रेलिया की क्लेयर पोलोसाक इस पैनल की सबसे अनुभवी अंपायर हैं। वह छठी बार महिला टी20 वर्ल्ड कप में जिम्मेदारी निभाती नजर आएंगी और अब तक इस टूर्नामेंट में 22 मुकाबलों में अंपायरिंग कर चुकी हैं। उनके अलावा जैकलीन विलियम्स और किम कॉटन ने भी महिला टी20 वर्ल्ड कप में 19-19 मैचों में अंपायरिंग की है। भारत की चार महिलाओं को भी इस बड़े टूर्नामेंट में अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। अनुभवी जीएस लक्ष्मी को मैच रेफरी के रूप में शामिल किया गया है, जबकि जननी एन, वृंदा राठी और गायत्री वेणुगोपालन अंपायरिंग करती नजर आएंगी।
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अंपायर्स पैनल
लॉरेन एजेनबैग, किम कॉटन, अन्ना हैरिस, शथिरा जाकिर जेसी, केरिन क्लासे, कैंडेस ला बोर्डे, जननी एन (भारत), निमाली परेरा, क्लेयर पोलोसाक, वृंदा राठी (भारत), सुजैन रेडफर्न, एलोइस शेरिडन, जैकलीन विलियम्स और गायत्री वेणुगोपालन (भारत)।
मैच रेफरी पैनल
ट्रुडी एंडरसन, शैंड्रे फ्रिट्ज, जीएस लक्ष्मी (भारत) और मिशेल परेरा।