मुंबई। मुंबई से एक दुखद खबर सामने आई है, जहां इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़े एक विदेशी ब्रॉडकास्ट इंजीनियर का निधन हो गया। यह घटना शहर के ट्राइडेंट होटल में हुई, जिससे क्रिकेट जगत और आयोजन से जुड़े लोगों में शोक का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, ब्रिटेन के नागरिक इयान विलियम्स लैंगफोर्ड IPL मैचों के प्रसारण कार्य के सिलसिले में 24 मार्च से होटल में ठहरे हुए थे। 29 मार्च को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद वे अपने कमरे में लौटे थे।
अगले दिन, जब होटल स्टाफ ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो संदेह होने पर उनके कमरे की जांच की गई। मास्टर चाबी से दरवाजा खोलने पर इयान कमरे के अंदर फर्श पर पड़े मिले। तुरंत होटल के डॉक्टर को बुलाया गया, जिन्होंने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर मरीन ड्राइव पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल इसे आकस्मिक मृत्यु माना जा रहा है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।