आईपीएल 2026 की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए निराशाजनक रही। टीम को अपने पहले ही मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा और इस मैच ने टीम की कमजोरियों को भी उजागर कर दिया। हार के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर टीम की इस करारी शिकस्त का जिम्मेदार कौन है।
इस मुकाबले में कैमरन ग्रीन का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। केकेआर ने उन्हें भारी कीमत देकर टीम में शामिल किया था, लेकिन वे उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके। बल्लेबाजी में उनका योगदान बेहद सीमित रहा और गेंदबाजी में भी उन्होंने कोई भूमिका नहीं निभाई।
जब केकेआर की पारी शुरू हुई तो कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन ऐलन ने टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई। छह ओवर में टीम का स्कोर 69 रन तक पहुंच चुका था। ऐसे में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ग्रीन से बड़ी पारी की उम्मीद थी, लेकिन वे 10 गेंदों में सिर्फ 18 रन बनाकर आउट हो गए। इस दौरान उन्होंने एक चौका और एक छक्का लगाया। ग्रीन से उम्मीद थी कि वे गेंदबाजी में भी योगदान देंगे, लेकिन वे गेंदबाजी करने नहीं आए। मैच के बाद जब रहाणे से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि इसका जवाब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ही दे सकता है।
गौरतलब है कि केकेआर ने नीलामी में ग्रीन को 25.20 करोड़ रुपये की बड़ी रकम में खरीदा था। ऐसे में उनसे मैच जिताने वाले प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही थी, लेकिन पहले ही मैच में उनका प्रदर्शन टीम के लिए निराशाजनक साबित हुआ। हालांकि अभी पूरा सीजन बाकी है और आने वाले मुकाबलों में टीम और ग्रीन दोनों के पास वापसी का मौका रहेगा।