मुंबई। आईपीएल 2026 में रविवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में Royal Challengers Bengaluru ने Mumbai Indians को आखिरी गेंद पर 2 विकेट से हरा दिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में RCB ने 167 रनों का लक्ष्य अंतिम गेंद पर हासिल किया।
हालांकि मैच खत्म होने के बाद अब सोशल मीडिया पर एक नया विवाद चर्चा में आ गया है। RCB की जीत के बाद टीम के खिलाड़ी टिम डेविड का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में टिम डेविड डगआउट में जश्न मनाते नजर आ रहे हैं और इसी दौरान वह दोनों हाथों से मिडिल फिंगर दिखाते दिखाई देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कुछ फैन्स इसे सिर्फ जश्न का हिस्सा बता रहे हैं, जबकि कई यूजर्स इसे खेल भावना के खिलाफ मान रहे हैं।
पहले मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे टिम डेविड
टिम डेविड इससे पहले लगातार तीन सीजन तक मुंबई इंडियंस का हिस्सा रहे थे। IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में RCB ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था। ऐसे में मुंबई के खिलाफ उनके रिएक्शन ने फैन्स का ध्यान खींच लिया। हालांकि इस मुकाबले में बल्ले से टिम डेविड का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। वह पहली ही गेंद पर आउट होकर गोल्डन डक का शिकार बने।
आखिरी ओवर में पलटा मैच
RCB को अंतिम ओवर में जीत के लिए 15 रन चाहिए थे। रोमारियो शेफर्ड के आउट होने के बाद मैच मुंबई इंडियंस की तरफ झुकता दिखाई दे रहा था, लेकिन अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने चौथी गेंद पर शानदार छक्का लगाकर मुकाबले का रुख बदल दिया। इसके बाद पांचवीं गेंद पर उन्होंने एक रन लिया और आखिरी गेंद पर रसिक सलाम डार ने दो रन भागकर टीम को यादगार जीत दिला दी।
क्रुणाल पंड्या बने जीत के हीरो
RCB की जीत में क्रुणाल पंड्या ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 46 गेंदों पर 73 रनों की शानदार पारी खेली और मुश्किल हालात में टीम को संभालते हुए जीत की नींव रखी। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर ना तो RCB की ओर से कोई बयान आया है और ना ही Board of Control for Cricket in India ने कोई प्रतिक्रिया दी है। अब देखना होगा कि मामला सिर्फ सोशल मीडिया बहस तक सीमित रहता है या फिर इस पर कोई आधिकारिक कार्रवाई भी होती है।