सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के गांव बीराखेड़ी की महिला क्रिकेटर वर्णिका चौधरी का चयन नेशनल क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए हुआ है। यह कैंप 12 जुलाई से बेंगलुरु में आयोजित होगा, जहाँ वर्णिका प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। वर्णिका चौधरी ने इससे पहले उत्तर प्रदेश अंडर-23 महिला टी-20 टीम की कप्तानी की है और सीनियर महिला टीम की उपकप्तान भी रही हैं।

पिछले सत्र में उन्होंने सात मुकाबलों में 453 रन बनाए थे। उनके लगातार प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इस हाई परफॉर्मेंस कैंप के लिए चुना गया है। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली वर्णिका की इस उपलब्धि पर उनके गांव बीराखेड़ी, गंगोह और सहारनपुर के खेल प्रेमियों में उत्साह है। वर्णिका के पिता राजपाल चौधरी किसान हैं और माता सुषमा चौधरी गृहिणी हैं।

वर्णिका ने अपनी सफलता का श्रेय सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (एसडीसीए) के चेयरमैन मोहम्मद अकरम को दिया। उन्होंने बताया कि अकरम के मार्गदर्शन और प्रोत्साहन से उन्हें आगे बढ़ने में मदद मिली। एसडीसीए के चेयरमैन मोहम्मद अकरम और अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि सहारनपुर की महिला खिलाड़ी क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वर्णिका भविष्य में भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करेंगी। वर्णिका के चयन पर विधायक किरत सिंह, सूफी जहीर अख्तर, समय सिंह पंवार, शशिकांत भगता, नरेंद्र तायल, डॉ. अमित गर्ग, एमजेएफ अरविंद कपूर, प्रमोद गोयल, गगन गर्ग, नौशाद चौधरी और संजय सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।