नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आवास में कुछ अज्ञात लोगों द्वारा तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। इसकी जानकारी उन्होंने ट्वीट के जरिए दी। उनकी शिकायत पर पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हालांकि, पुलिस ने अभी उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं।
संजय सिंह ने एक न्यूज चैनल पर बात करते हुए कहा कि हमलावर उनके खिलाफ और रामजन्मभूमि ट्रस्ट को लेकर नारे लगा रहे थे। बता दें कि संजय सिंह ने कुछ दिन पहले ही राम जन्मभूमि ट्रस्ट की जमीन खरीद में घोटाले का आरोप लगाया था।
उन्होंने ये भी कहा कि अगर सरकार कोई कार्रवाई नहीं करेगी तो मैं इन चंदा चोरों को जेल भिजवाकर रहूंगा। संजय सिंह बोले कि मेरा घर महामहिम राष्ट्रपति के घर से कुछ दूरी पर है। यह वीआईपी इलाका है यहां अन्य सांसद भी रहते हैं। ऐसी जगह पर मेरा घर है फिर भी मेरे घर पर हमला हो गया।
संजय सिंह ने आरोप लगाया कि जिन लोगों की गिरफ्तारी हुई है वो घर के अंदर घुस रहे थे मुझपर हमले के लिए। लेकिन मेरे साथियों ने उन्हें रोक लिया फिर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि हमलावरों में चार-पांच लोग शामिल थे।