लखनऊ। भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के लिए राहुल गांधी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को आखिरकार निमंत्रण पत्र भेज ही दिया। निमंत्रण पत्र मिलने के बाद अखिलेश ने राहुल गांधी का धन्यवाद दिया है।
बता दें बीती 29 दिसंबर को अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा था कि वह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं होंगे, क्योंकि उन्हें राहुल गांधी की ओर से कोई निमंत्रण नहीं मिला है। अखिलेश के बयान के बाद अब राहुल गांधी ने उन्हें निमंत्रण भेजा तो अखिलेश ने भी राहुल का शुक्रिया किया है।
अखिलेश ने राहुल को लिखा पत्र
राहुल का शुक्रिया करते हुए अखिलेश ने लिखा- प्रिय राहुल जी, भारत जोड़ो यात्रा में निमंत्रण के लिए धन्यवाद एवं भारत जोड़ो की मुहिम की सफलता के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। अखिलेश ने आगे लिखा है कि भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक भाव है, जिसमें प्रेम, अहिंसा, करूणा, सहयोग और सौहार्द्र ही वो सकारात्मक तत्व हैं, जो भारत को जोड़ते हैं। आशा है ये यात्रा हमारे देश की इसी समावेशी संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी।
अखिलेश ने 29 दिसंबर को कहा था कि उन्हें कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का निमंत्रण नहीं मिला है और उन्होंने जोर देकर कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस दोनों एक ही हैं। भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेस द्वारा आमंत्रित किये जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा था कि हमारी भावनाएं उनकी यात्रा के साथ हैं, मुझे यात्रा के लिए कोई निमंत्रण नहीं मिला है। उन्होंने प्रश्न पूछने वाले पत्रकार से कहा, ”अगर आपके मोबाइल में आमंत्रण हो तो मुझे तुरंत दें।”
Akhilesh Yadav Rahul Gandhi, Akhilesh Yadav Rahul Gandhi latest news, Akhilesh Yadav Rahul Gandhi news,