मुंबई। अक्षय कुमार और कटरीना कैफ स्टारर ‘सूर्यवंशी’ 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई है। कोरोना महामारी के बाद इतनी ज्यादा कमाई करने वाली यह पहली फिल्म बन चुकी है। दिवाली के अगले दिन रिलीज हुई ये फिल्म लगातार बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है।
फिल्म ने पांचवे दिन भी अपनी शानदार कलेक्शन का सिलसिला जारी रखा। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक फिल्म ने मंगलवार को 11.22 करोड़ की कमाई की। इसी के साथ फिल्म का कुल कलेक्शन 102.81 करोड़ हो गया है। सूर्यवंशी ने सिर्फ देश में ही नहीं बल्कि विदेश में भी अपनी ताबड़तोड़ कमाई जारी रखी है।
इसे विदेश में 1300 स्क्रीन पर रिलीज किया गया था, जबकि भारत में 4 हजार से ज्यादा स्क्रीन्स पर फिल्म रिलीज हुई थी। ओवरसीज में फिल्म ले पहले दिन 8.10 करोड़ और दूसरे दिन 8.58 करोड़ की कमाई की थी। तीसरे और चौथे दिन के कलेक्शन को मिलाकर पांच दिन में टोटल 28.01 करोड़ का ओवरसीज कलेक्शन हुआ था।