नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस की बढ़ती रफ्तार के बीच अमेरिका ने भारत की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। भारतीय NSA अजित डोभाल और अमेरिकी NSA जेक सुलिवन की बातचीत के बाद यह संभव हो सका है।
बता दें कि इससे पहले अमेरिका ने भारत को वैक्सीन के लिए कच्चा माल देने से इनकार कर दिया था। अमेरिकी राष्ट्रपति की ओर से एक बड़ा बयान भी आ गया है। जिसमें उन्होंने भारत को मदद देने की प्रतिबद्धता को दोहराया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने एक ट्वीट करते हुए कहा है, ”महामारी की शुरुआत में जब हमारे अस्पतालों पर भारी दबाव था उस समय भारत ने अमेरिका के लिए जिस तरह सहायता की थी, उसी तरह भारत की जरूरत के समय में मदद करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।”
कोरोना संकट की इस घड़ी में 9 देशों ने भारत को मदद का भरोसा दिलाया है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक यूएई ने बताया है कि भारत को वैक्सीन की बड़ी खेप भेज रहा है। इसके अलावा सऊदी अरब की ओर से भी ऑक्सीजन जनरेटर्स की सप्लाई की जा रही है।
ब्रिटेन की ओर से भी बड़ी संख्या में ऑक्सीजन जनरेटर्स की सप्लाई की जा रही है। भारत को अब तक कुल 9 देशों की ओर से कोरोना संकट में मदद का भरोसा मिला है। जर्मनी, कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन, सऊदी अरब, यूएई, फ्रांस और पाकिस्तान जैसे देशों की ओर से भारत को कोरोना संकट से निपटने में मदद का ऑफर दिया गया है।