नई दिल्ली। दिल्ली की आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने CM अरविंद केजरीवाल को आज गुरुवार को पेश होने के लिए कहा है। हालांकि इस बार भी उनके ईडी के सामने पेश होने पर संशय बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार अरविंद केजरीवाल गुरुवार से गोवा के तीन दिन के दौरे पर हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह इस बार भी पेश नहीं होंगे।
भेज सकते हैं ED को अपना जवाब
बता दें कि अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि कानून के मुताबिक जो ठीक होगा, वह करेंगे। हालांकि इसके पहले भी तीन समन पर केजरीवाल ED के सामने पेश नहीं हुए हैं। प्रवर्तन निदेशालय ने पिछले हफ्ते चौथी बार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को समन भेजकर 18 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया था।
संभावना है कि चौथी बार भी वह समन को दरकिनार कर अपना लिखित जवाब ED को भेजेंगे। बुधवार को एक कार्यक्रम में पहुंचे केजरीवाल ने ईडी के समन को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि ‘कानून के तहत जो भी जरूरी होगा, हम वह करेंगे।’
उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि वह ED के सामने पेश होंगे या नहीं, लेकिन आम आदमी पार्टी के सूत्रों से जो संकेत मिले हैं, उससे यही लग रहा है कि जब तक ED अरविंद केजरीवाल के सामने यह स्पष्ट नहीं करती है कि उन्हें किस हैसियत से पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है और लिखित में सवाल भेजकर उनका जवाब लेने के बाद पूछताछ के लिए उनके व्यक्तिगत तौर पर पेश होने पर जोर क्यों दे रही है, तब तक सीएम ईडी के सामने पेश नहीं होंगे। ED के रवैये को देखते हुए आम आदमी पार्टी कानूनी तौर पर सीएम के बचाव के लिए सुप्रीम कोर्ट का भी रुख कर सकती है।