नई दिल्ली। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव की रविवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह खराब सेहत के चलते गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में कई दिनों से भर्ती हैं। जहां डॉक्टर लगातार उनकी सेहत पर नजर रख रहे हैं। अभी भी उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
वहीं, आज सोमवार को अखिलेश यादव और रामगोपाल यादव ने अस्पताल पहुंचकर मुलायम सिंह यादव का हालचाल जाना। परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल में ही मौजूद हैं।
मेदांता अस्पताल ने बयान जारी कर बताया कि मुलायम सिंह यादव वर्तमान में क्रिटिकल केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती हैं और उनका इलाज विशेषज्ञों की एक व्यापक टीम द्वारा किया जा रहा है।
यह भी पढ़ें
मुलायम सिंह की तबियत बिगड़ी, मेदांता में भर्ती;अखिलेश दिल्ली रवाना
हैदराबाद से लश्कर के तीन आतंकी गिरफ्तार, आईएसआई से मिल रहे थे निर्देश
उधर, जैसे ही मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने की सूचना उनके चाहने वालों को लगी तो उनके शीघ्र स्वस्थ लाभ के लिए दुआओं का दौर शुरू हो गया। बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी का छात्र आशुतोष सिंह तो अपनी किडनी मुलायम सिंह को देने के लिए तैयार है। इसके लिए वह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचा है।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव की तबीयत करीब तीन साल से गड़बड़ चल रही है। वह महीने में कभी दो बार तो कभी एक बार जांच के लिए अस्पताल में भर्ती होते रहे हैं लेकिन, अगस्त महीने से उनकी हालत में लगातार गिरावट हुई है।
मुलायम सिंह को प्रोस्टेट से जुड़ी समस्या बताई जाती है। इस वजह से वह लगातार मेदांता अस्पताल के विशेषज्ञों की निगरानी में रहते हैं। लखनऊ रहने पर किसी तरह की समस्या होने पर यहां के अस्पताल में दिखाते हैं।
इससे पहले उन्हें 15 जून को मेदांता में भर्ती कराया गया था। उनकी पत्नी साधना गुप्ता के निधन के बाद उन्हें कई तरह की अन्य समस्याएं भी हो गई थीं। इस वजह से वह ज्यादातर वक्त दिल्ली में रहे।
#mulayam_singh_yadav #mulayam_singh_ill #mulayam_singh_news