लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महराजगंज जिले में 279.30 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने नगर पंचायत चौक के कार्यालय का शुभारंभ भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास जब होता है तो रोजगार भी उसके साथ आता है। रोजगार हर एक के चेहरे पर खुशहाली लाने का माध्यम बनता है। मैं महराजगंज में ₹279.30 करोड़ की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण/शिलान्यास के अवसर पर सभी को हृदय से बधाई देता हूं।
हमने पिछले 04 वर्षों में 100 से अधिक नगर निकाय बनाए हैं, जिसमें 04 तो अकेले महराजगंज जिले में हैं। यह कार्य विकास की एक नई सोच पैदा करने व रोजगार की संभावनाओं को आगे बढ़ाने के लिए किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चौक अब नगर पंचायत बन गया है। ऐसे में अधिक संख्या में सफाई कर्मी यहां कार्य करेंगे और स्वच्छता अभियान के साथ जुड़ेंगे। सड़कें चौड़ी होंगी, जलनिकासी की व्यवस्था होगी। नगर पंचायत का अपना कार्यालय होगा जो मिनी सचिवालय के रूप में कार्य करेगा।
हम नेपाल बॉर्डर के साथ-साथ एक बॉर्डर रोड का भी निर्माण करने जा रहे हैं, जिसकी शुरुआत महराजगंज जिले से होगी। यह मार्ग आपको महराजगंज से सीधे पीलीभीत तक लेकर चला जाएगा और उत्तराखंड के साथ जोड़ने का भी कार्य करेगा
हम यहां की चारों नगर पंचायतों के लिए धन आवंटित करने जा रहे हैं। इसकी व्यवस्था की जा चुकी है। अप्रैल के बाद यहां भवन निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर प्रारंभ हो, इसके लिए प्रशासन अभी से प्रक्रिया प्रारंभ करे
सीएम योगी ने आगे कहा कि आजादी के बाद प्रदेश में लगभग 100 वनटांगिया गांव थे। आज हमने महराजगंज के लगभग 18 गांवों को राजस्व गांव घोषित कर जनता को मतदाता सूची में शामिल किया है। पहली बार यहां ग्राम प्रधान का चुनाव होने जा रहा है।