नई दिल्ली। देश में कोरोना की रफ्तार हर दिन तेज़ी से बढ़ती चली जा रही है। भारत में इस खतरनाक वायरस के रोज रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक देश मे बीते 24 घंटे में 1 लाख 52 हज़ार से ज़्यादा मामले सामने आए हैं। इस दौरान 839 लोगों की मौत भी हुई है।
बढ़ते संक्रमण के चलते कई जगह कई प्रकार की पाबंदियां लागू हैं। दिल्ली में सभी प्रकार की सभाओं पर रोक लगा दी गई है, इसके अलावा शादियों से लेकर मेट्रो-बसों तक में सफर को लेकर कई प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। महाराष्ट्र में पूर्ण लॉकडाउन पर फैसला किया जा सकता है। बता दें कि भारत में टीकाकरण अभियान भी तेजी से चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश में अब तक 10 करोड़ से ज्यादा टीके लग चुके हैं।
इसके अलावा कोरोना के सक्रिय मामले देश में 11 लाख के पार चले गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में कोरोना वायरस के अब तक कुल 1,33,58,805 मामले सामने आ चुके हैं। हालांकि, इसमें से 1,20,81,443 लोगो कोरोना संक्रमण से ठीक हो चुके हैं। देश में कोरोना के सक्रिय मामले 11,08,087 हो गए हैं। भारत में कोरोना से होने वाली मौतें 1,69,275 हो गई हैं।