नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गणतंत्र दिवस के दिन लाल किले पर हुई हिंसा का मुख्य आरोपी दीप सिद्धू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर 1 लाख का इनाम रखा गया था। मंगलवार तड़के दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसे पंजाब के जिरकपुर से पकड़ा।
थोड़ी देर में उसे अदालत के सामने पेश किया जाएगा। पुलिस की गिरफ्त से दूर रहते हुए सिद्धू लगातार सोशल मीडिया पर वीडियो संदेश जारी कर रहा था। दावा किया गया है कि पंजाबी अभिनेता जो वीडियो अपलोड करता है, उसके पीछे उसकी एक बेहद करीबी महिला मित्र है जो कैलिफोर्निया में रहती है।
पुलिस के अनुसार सिद्धू वीडियो बनाता था और उसे उसकी महिला मित्र और अभिनेत्री विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया करती थी। बता दें कि हाल ही में पंजाबी एक्टर दीप सिद्धू ने एक वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया था। वीडियो में उसने कहा था कि उसने कुछ गलत नहीं किया है, इसलिए उसे कोई डर नहीं है। वह मामले से जुड़े सबूत जुटा रहा है और 2 दिन बाद पुलिस के सामने पेश हो जाएगा।