श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ के एक सीन को लेकर कहा, क्या हम इतने गिर गए हैं।
दरअसल, फारूक अब्दुल्ला ‘द कश्मीर फाइल्स’ के खून से सने चावल को फिल्म के एक पात्र को खिलाने वाले सीन का जिक्र कर रहे थे। उन्होंने फिल्म पर प्रतिबंध लगाए जाने की बात कही।
अब्दुल्ला ने गवर्नर मनोज सिन्हा से मुलाकात की जानकारी देते हुए बताया कि इस दौरान दोनों के बीच राज्य की कानून और व्यवस्था पर चर्चा हुई।
‘क्या हम इतने गिरे हुए हैं’
अब्दुल्ला ने मीटिंग को लेकर कहा, ‘मैंने यह भी कहा कि ये जो कश्मीर फाइल्स फिल्म आपने बनवाई है। क्या यह सच है कि एक मुसलमान एक हिंदू को मारेगा और उसके बाद उसका खून जो है वो चावल में डालकर कहेगा उसकी बीवी से तुम यह खाओ, क्या हो सकता है, क्या हम इतने गिरे हुए हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘यह फिल्म बेबुनियाद फिल्म, जिसने न सिर्फ नफरत मुल्क में पैदा की है, बल्कि यहां हमारे जवानों में भी नफरत हुई है कि हमारे तरफ कैसे सोच रहे हैं। जो मुसलमानों पर जुल्म हो रहा है इस वक्त हिंदुस्तान के कोनों में वो हमारे बच्चों के मन में भी एक लहर पैदा कर रहा है। ऐसी चीजों को बंद करना चाहिए।’
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में उन्होंने नजरबंदी की खबरों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘हम सियासत नहीं करना चाहते थे, हम हमदर्दी करना चाहते थे। मगर हमदर्दी करने के लिए भी आप रोक रहे हैं। तो कैसे यह चलेगा, कैसे हम एक दूसरे के करीब आ सकते हैं। अगर हमें एक-दूसरे के करीब आना है तो यह नफरत खत्म करनी है।’