लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस की दूसरी लहर अब काबू में आती दिख रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से दिए गए 3टी फॉर्मूले से प्रदेश में लगातार कोरोना का ग्राफ गिरता जा रहा है। ताजा आंकड़ो के मुताबिक प्रदेश में कोरोना वायरस संक्रमण अब पूरी तरह से काबू में नजर आ रहा है।
इस बीच यूपी ने टेस्टिंग को लेकर एक नया रिकॉर्ड बनाया है। उत्तर प्रदेश पांच करोड़ कोरोना टेस्ट करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। प्रदेश सरकार ने टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की नीति पर आक्रामकता के साथ काम किया जिसका नतीजा है कि कोरोना को नियंत्रित करने में बड़ी कामयाबी मिली है।
प्रदेश में कोरोना से रिकवरी दर 97.1 प्रतिशत है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में कोरोना के सिर्फ 1514 संक्रमित मिले हैं जबकि 3.32 लाख टेस्ट किए गए हैं। बता दें कि प्रदेश में 30 अप्रैल को सबसे ज्यादा 38 हजार मामले आए थे लेकिन अग्रेसिव टेस्टिंग, माइक्रो कन्टेनमेंट जोन सिस्टम और गांवों में निगरानी समितियों के द्वारा किये गए माइक्रो मैनेजमेंट एवं ट्रीटमेंट से कोरोना को नियंत्रित करने में कामयाबी मिली है। पिछले 24 घंटे की कोरोना पॉजिटिविटी दर 0.2 प्रतिशत रही।