बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले में रविवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में पांच युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा एनएच-125 पर भांडियावास गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आगे चल रहे डंपर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। जानकारी के अनुसार, हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल दो युवकों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायलों का इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और 108 एम्बुलेंस सेवा को दी, लेकिन एम्बुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद घायलों और मृतकों को निजी एम्बुलेंस की मदद से बालोतरा के राजकीय नाहटा अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जोधपुर रेफर किया गया, जहां दो घायलों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक बायतू क्षेत्र के कानोड़ गांव के निवासी बताए गए हैं। मृतकों की पहचान रेवांताराम (26) पुत्र गेनाराम जाट, स्वरूपाराम (27) पुत्र मेहराराम जाट, भरत (25) पुत्र बन्नाराम जाट, किशन (27) पुत्र शेराराम जाट और भावेश पुत्र कलाराम जाट के रूप में हुई है।
वहीं, हादसे में घायल बाबू पुत्र अर्जुनराम, मुकेश पुत्र मेहराराम और हेमाराम पुत्र जीयाराम अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे वहां अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कॉर्पियो की पहले किसी अज्ञात वाहन से टक्कर हुई, जिसके बाद वह अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से जा भिड़ी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है। इससे पहले झुंझुनूं जिले के सूरजगढ़ क्षेत्र में भी एक सड़क हादसा हुआ था, जहां स्कूली बच्चों से भरी बोलेरो के पलटने से 12 बच्चे घायल हो गए थे।