मुंबई। महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से चल रहा सियासी ड्रामा अब अपने अंतिम पड़ाव की ओर है। नई सरकार का गठन हो चुका है। एकनाथ शिंदे मुख्यमंत्री व देवेन्द्र फडणवीस उपमुख्यमंत्री बन चुके हैं।
इस बीच महाराष्ट्र की सियासत में अब व्हिप को लेकर घमासान शुरू हो गया है। एक तरफ उद्धव गुट का आरोप है कि शिंदे खेमे के विधायकों ने उनके व्हिप का पालन नहीं किया तो अब शिंदे गुट के मुख्य सचेतक भरत गोगावाले ने विधानसभा अध्यक्ष के सामने याचिका दायर की है।
इसमें कहा गया है कि पार्टी के 16 विधायकों ने व्हिप का पालन ने हीं किया, ऐसे में इन 16 विधायकों को निलंबित करने की कार्रवाई की जाए। इसके बाद इन विधायकों को नोटिस जारी करने की तैयारी है।
विधानसभा के विशेष सत्र का आज दूसरा दिन है। आज शिंदे गुट का बहुमत परीक्षण भी किया जाएगा। उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका देते हुए भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर विधानसभा अध्यक्ष बन गए हैं।
आज 11 बजे से विधानसभा में एकनाथ शिंदे सरकार को बहुमत साबित करना होगा। जानकारी के मुताबिक, शिंदे गुट के विधायक विधानसभा पहुंच गए हैं।
एनसीपी में भी उठापटक की अटकलें
शिवसेना के बाद अब एनसीपी में भी उठापटक के कयास लगाए जा रहे हैं। दरअसल, रविवार को स्पीकर के चुनाव के लिए हुए मतदान में एनसीपी के पांच विधायकों ने भाग नहीं लिया था।
53 में से 46 विधायक ही विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में हिस्सा लेने के लिए विधान भवन पहुंच पाए। हालांकि, इनमें नवाब मलिक और अनिल देशमुख जेल में बंद हैं।
भाजपा के आरएल राहुल नार्वेकर 164 मतों के साथ अध्यक्ष चुने गए। महा विकास अघाड़ी गठबंधन की ओर से उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने स्पीकर पद के उम्मीदवार राजन साल्वी को केवल 107 मत मिले।