पटना। बिहार के पूर्व सीएम व राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव को आज सुबह चार बजे पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पटना स्थित घर में रविवार शाम को वह सीढ़ियों से गिर गए थे। उसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई थी।
गिरने के कारण लालू प्रसाद यादव के कंधे की हड्डी में मामूली फ्रैक्चर आ गया था। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार लालू की तबीयत रविवार रात अचानक ज्यादा बिगड़ गई थी।
इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। लालू यादव को उनके छोटे पुत्र व बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव स्वयं कार से अस्पताल लेकर पहुंचे।
राजद प्रमुख को पहले से कई तरह की बीमारियां हैं। उनको किडनी में भी गंभीर समस्या है। वे फिलहाल पत्नी राबड़ी देवी को आवंटित सरकारी आवास में रहते हैं। पूर्व सीएम के बीमार होने के कारण उनके दोनों बेटे तेजस्वी और तेज प्रताप यादव भी इन दिनों यहीं रहते हैं।
लालू की तबीयत बिगड़ने से राजद कार्यकर्ताओं में चिंता है। पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता राबड़ी देवी के निवास और पारस अस्पताल पहुंचे व उनका हालचाल जाना। गिरने के बाद परिजन परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, लेकिन प्राथमिक उपचार व आराम की सलाह के साथ उन्हें घर भेज दिया गया था।
उनके चोटिल होने की सूचना मिलते ही बीती रात भी उनके समर्थक आवास पर हाल-चाल जानने पहुंचे थे। लालू यादव चारा घोटाले मामले में लंबे समय तक जेल में रहे थे। अभी वे जमानत पर हैं। जेल में रहने के दौरान भी बीमारियों के चलते लंबे समय तक उन्हें रांची स्थित रिम्स में भर्ती किया गया था।