नई दिल्ली। भारत ने अब तक स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वर्कर्स और 60 से ज्यादा उम्र की आबादी को कोरोना वैक्सीन की 50 लाख से ज्यादा एहतियाती खुराक दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने इसे मील का पत्थर करार देते हुए सभी पात्र लोगों से सावधानी बरतने का अनुरोध किया।
उन्होंने ट्वीट किया, एक और दिन, एक और बढ़ी संख्या। 10 जनवरी से 50 लाख से ज्यादा स्वास्थ्य देखभाल और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं और 60 साल या उससे ज्यादा उम्र के नागरिकों को एहतियाती खुराक प्राप्त हुई है। मैं उन सभी योग्य लोगों से अनुरोध करता हूं कि जल्द से जल्द अपनी एहतियाती खुराक प्राप्त करें।
कुल मिलाकर, 50,84,410 खुराकें दी गई हैं, जिसमें स्वास्थ्य कर्मियों के लिए 19,92,671 खुराक,फ्रंट लाइन कार्यकर्ताओं के लिए 16,85,446 खुराक और 60 साल से ज्यादा की आबादी के लिए 14,06,293 खुराकें दी गई हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय की मंगलवार सुबह की रिपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान के तहत अब तक देश ने वैक्सीन की 158.04 करोड़ से ज्यादा खुराक दी है। बीते 24 घंटों में, लगभग 80 लाख खुराक देश भर में दी गई हैं।
एहतियाती खुराक के लिए अभियान इसी साल 10 जनवरी से शुरू हुआ था। इस बीच, 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के किशोरों को उनकी पहली खुराक के रूप में कोरोना वैक्सीन की कुल 3,59,30,929 खुराक दी गई हैं। इस आयु वर्ग के किशोरों के लिए टीकाकरण कार्यक्रम 3 जनवरी को शुरू हुआ था।