नई दिल्ली। महाराष्ट्र में कोरोना के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ने लगे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक बीते दिन राज्य में 15 हजार नए केस सामने आए। हालात काबू से बाहर होता देख सरकार ने एक बार फिर नागपुर में लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है।
नागपुर शहर में 15 मार्च से एक सप्ताह का लॉकडाउन लगाया जाएगा। इस फैसले के बाद शहर में फिजिकल डिस्टेंसिंग के नियम टूटते नजर आए। दरअसल, लोग खरीदारी के लिए बाजार में उमड़ पड़े।
सोशल मीडिया पर नागपुर के कॉटन मार्केट की तस्वीरें वायरल हो गई हैं, जिसमें सैकड़ों-हजारों लोग बाजार में खरीदारी करते नजर आ रहे हैं। गौरतलब है कि महाराष्ट्र में कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए सख्ती बरती जा रही है।
इसके तहत नागपुर में 15 मार्च से 21 मार्च तक लॉकडाउन लगाने का निर्णय लिया गया। वहीं, अकोला में 12 मार्च से 15 मार्च सुबह आठ बजे तक लॉकडाउन लगा दिया गया है, जबकि परभणी जिले में भी 15 मार्च को सुबह छह बजे तक पाबंदिया रहेंगी। इसके अलावा पुणे में नाइट कर्फ्यू लागू किया गया है।