कटवा। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली के दौरान नागरिकता, घुसपैठ और कल्याणकारी योजनाओं को लेकर बड़ा संदेश दिया। पूर्व बर्धमान जिले के कटवा में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा का रुख साफ किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने नागरिकता (संशोधन) अधिनियम यानी CAA को लागू कर शरणार्थियों को नागरिकता देने का रास्ता साफ किया है। उन्होंने मतुआ और नामशूद्र समुदाय को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उन्हें संविधान के तहत पूरा संरक्षण मिलेगा और पात्र लोगों को नागरिकता देने की प्रक्रिया तेज की जाएगी।
घुसपैठ के मुद्दे पर भी पीएम मोदी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि अगर राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो अवैध घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी कहा कि जो लोग घुसपैठियों की मदद कर रहे हैं, उन्हें भी बख्शा नहीं जाएगा। राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में राज्य में भय और असुरक्षा का माहौल बना है। उन्होंने लोगों से बदलाव का आह्वान करते हुए कहा कि यह चुनाव भयमुक्त और विकासशील बंगाल की दिशा में अहम कदम साबित होगा।
प्रधानमंत्री ने किसानों के मुद्दे को भी उठाया और आरोप लगाया कि राज्य की नीतियों से आलू किसानों को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर कथित भ्रष्टाचार पर श्वेतपत्र जारी करेगी और राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महिलाओं से भाजपा के समर्थन में मतदान की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि जहां महिलाओं की भागीदारी ज्यादा होती है, वहां पार्टी को मजबूत समर्थन मिलता है।
इसके अलावा, उन्होंने वादा किया कि अगर भाजपा की सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट बैठक में Ayushman Bharat योजना को राज्य में लागू किया जाएगा। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल की 294 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।