साउथ फिल्म इंडस्ट्री के पॉपुलर कपल सामंथा और नागा चैतन्य ने तलाक लेने का फैसला किया है। दोनों ने शादी के 4 साल बाद ये बड़ा कदम उठाया है। बता दें कि सामंथा ने सोशल मीडिया के ज़रिये इस बात की खबर को कन्फर्म किया है।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट कर जानकारी दी। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि ‘बहुत विचार-विमर्श के बाद चाई और मैंने अपने-अपने रास्ते पर चलने के लिए पति-पत्नी के रूप में अलग होने का फैसला किया है। हम सौभाग्यशाली हैं कि एक दशक से अधिक की दोस्ती हमारे रिश्ते का मूल हिस्सा थी और हमें विश्वास है कि हमारे बीच हमेशा एक विशेष बंधन रहेगा।’
अभिनेत्री ने आगे कहा, ‘हम अपने प्रशंसकों, शुभचिंतकों और मीडिया से अनुरोध करते हैं कि इस कठिन समय में हमारा समर्थन करें और हमें वह गोपनीयता प्रदान करें जिसकी हमें आगे बढ़ने की आवश्यकता है।’
बता दें कि दोनों के रिश्ते को ले कर सवाल तबसे उठने लगे जब सामंथा ने अपने ट्विटर हैंडल पर से पति का उपनाम हटा दिया था। तब सामंथा से शादी को ले कर लगातार सवाल पूछे गए थे, लेकिन उन्होंने अब जा कर अपनी चुप्पी तोड़ दी है। एक्ट्रेस ने इस बात पर कहा था कि ‘लोग उन्हें ‘द फैमिली मैन 2′ के लिए ट्रोल कर रहे हैं और फिर उन्होंने सोशल मीडिया पर उनका सरनेम छोड़ने का कारण पूछना शुरू कर दिया। हालांकि, वह उन पर प्रतिक्रिया करने की आवश्यकता महसूस नहीं करती हैं। उनके अनुसार, वह हमेशा से ऐसी ही रही हैं।’