नई दिल्ली। अपनी कॉमेडी से सभी को हंसाने वाले उमर शरीफ का शनिवार को निधन हो गया। वे लम्बे समय से कैंसर की बीमारी से ग्रसित थे। वे 66 साल के थे। उन्हें एयर एम्बुलेंस के ज़रिये इलाज के लिए करांची से वाशिंगटन ले जाया जा रहा था। तबीयत ज़्यादा बिगड़ने से उनकी जर्मनी में इमरजेन्सी लैंडिंग कराइ गई।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक बुधवार को उमर को जर्मनी के नूर्मबर्ग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन दिन बाद उन्हें यूएस ले जाने की तैयारी थी पर उससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। बता दें कि कुछ वक़्त पहले उमर का एक वीडियो सामने आया था।
वीडियो में वो पाकिस्तान के पीएम इमरान से मदद की गुहार लगाते दिख रहे थे। वो अपनी बीमारी के चलते वाशिंगटन में इलाज के लिए जाना चाहते थे। पाकिस्तान के एक न्यूज़ शो में शरीफ का सन्देश प्रसारित किया गया था।
अपने वीडियो में उन्होंने मदद की अपील करते हुए कहा था ‘डॉक्टर ने मुझसे कहा है कि बेहतर इलाज के लिए मुझे विदेश जाने की जरूरत है। मैंने इमरान खान के शौकत खानम कैंसर अस्पताल को बनाने में मदद की।
मैं प्रधानमंत्री इमरान खान से मेरी मदद करने की अपील करता हूं। जैसे कि जब भी उन्होंने मुझे बुलाया मैं गया हूं, आज मुझे जरूरत है उन्हें मेरी मदद करनी होगी।’ अब उनका बीते दिन कैंसर से लड़ते-लड़ते निधन हो गया।