पटना। बिहार में मंगलवार को नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया। इस नई कैबिनेट में 17 नए चेहरों को जगह मिली है। बिहार के राज्यपाल फागु चौहान ने सभी मंत्रियों को पद व गोपनियता की शपथ दिलवाई। बीजेपी के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन को नीतीश की नई कैबिनेट में उद्योग मंत्री बनाया गया है।
वहीं, सुशांत सिंह राजपूत के भाई नीरज कुमार सिंह को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय दिया गया है। बीजेपी विधायक नितिन नवीन को पथनिर्माण मंत्री बनाया गया है।जेडीयू नेता मदन साहनी को समाज कल्याण विभाग, श्रवण कुमार को ग्रामीण विकास, प्रमोद कुमार को गन्ना उद्योग और विधि, संजय कुमार झा को जल संसाधन तथा सूचना एवं जन संपर्क, लेसी सिंह को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री सम्राट चौधरी को पंचायती राज मंत्री बनाया गया है।
सुभाष सिंह को सहकारिता मंत्री जबकि सुमित कुमार सिंह को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय सौंपा गया है। बता दें कि मंत्रिमंडल विस्तार में 8 विधायकों को जेडीयू के कोटे से मंत्री बनाया गया है जबकि बीजेपी के 9 विधायकों को मंत्रालय दिए गए हैं। बिहार कैबिनेट में अब मुख्यमंत्री समेत 31 मंत्री हो गए हैं।